
हरिद्वार । स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्र व्यापी कार्यक्रम *हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम अभियान* के अन्तर्गत आज देश के विभिन्न प्रान्तों में 42 वें रविवार में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ ही स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि समर्पित की गईं। हरिद्वार जिले में अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर, वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद तथा हरिद्वार में आयोजित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर में सम्पन्न हुआ, जहाँ प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में नायब तहसीलदार मदन लाल तथा संगठन के अध्यक्ष डॉ वेद प्रकाश ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया, ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद नायब तहसीलदार मदन लाल, जितेन्द्र रघुवंशी तथा वेद प्रकाश आर्य ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा तथा पं श्री राम शर्मा आचार्य के चित्र पर माल्यार्पण किया, तत्पश्चात उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि समर्पित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने विश्वास व्यक्त किया कि 23 प्रान्तों में मातृशक्ति मंच तथा युवा मंच के गठन से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को एक सूत्र में पिरोने में आशातीत सफलता मिल रही है। रघुवंशी ने बताया कि हर महीने प्रथम रविवार को उस माह जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जयन्ती या पुण्यतिथि होती है मनाई जाती है, इस क्रम में आज युग पुरुष स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं श्री राम शर्मा आचार्य की 36 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समर्पित की गई। रघुवंशी ने जानकारी दी कि स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा युग पुरुष पं श्रीराम शर्मा आचार्य को भारत रत्न से अलंकृत करने के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया है, क्योंकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं श्रीराम शर्मा आचार्य ने देश को जगदगुरु बनाने की आधार शिला रखी है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति से सम्मानित हरित ऋषि विजय पाल सिंह बघेल ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं श्रीराम शर्मा आचार्य को उनके जीवनकाल में ही भारत रत्न घोषित करना चाहिए था, क्योंकि अब तक जिन व्यक्तियों को भारत रत्न अवॉर्ड दिया गया है उन सभी ने मिलकर देश की कीर्ति बढ़ाने का का कार्य नहीं किया होगा, जितना अकेले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं श्रीराम शर्मा आचार्य ने अकेले किया है।
प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में शामिल नायब तहसीलदार मदन लाल ने श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा कि जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से यह देश आजाद हुआ और हमें आज सेवा का अवसर मिला उनके परिवारों का कार्य करके हम अपने आप को गौरवान्वित अनुभव करते हैं। चेतना पथ मासिक पत्रिका के सम्पादक अरुण कुमार पाठक ने श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा कि देश भर के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को संगठित करने का जो अप्रतिम प्रयास किया जा रहा है उससे आने वाली पीढ़ियां निश्चित रूप से देशभक्ति की भावना से अनुप्राणित होंगी। उन्होंने कहा कि जिन पं श्रीराम शर्मा आचार्य की हम पुण्यतिथि मना रहे हैं उन्हें भारत रत्न अवॉर्ड देकर भारत सरकार भी गौरव की अनुभूति करेगी। श्री सुरेश चन्द्र सुयाल ने स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के द्वारा पं श्रीराम शर्मा आचार्य को भारत रत्न अवॉर्ड देने के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य सरकार को स्वयं करना चाहिए था।
शहीद जगदीश वत्स पार्क में आज सुरेश चन्द्र सुयाल, अर्जुन सिंह राणा, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कैलाश चन्द्र वैष्णव, प्रमेश चौधरी, जोगिंद्र तनेजा, वेद प्रकाश आर्य, अरुण कुमार पाठक, विजय पाल सिंह बघेल, वीरेन्द्र गहलोत, शिवेन्द्र गहलोत, नरेन्द्र कुमार वर्मा, रमेश चन्द गुप्ता, हरगोविंद तिवारी, बिजेन्द्र सिंह तथा अमित कुमार सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





