
हरिद्वार।।आगामी जनगणना की तैयारियों एवं जनगणना संबंधी गतिविधियों के प्रभावी, सुचारु एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में आज संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की श्री दीपक रामचंद्र शेट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना तहसीलदार रुड़की, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रुड़की, नगर पालिका मंगलौर, पाडली गुर्जर एवं पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के चार्ज अधिकारियों एवं डेटा ऑपरेटरों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में आगामी जनगणना के अंतर्गत संपादित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों, विभागीय समन्वय, कार्मिकों की भूमिका तथा डेटा संकलन एवं डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अधिकारियों को जनगणना कार्यों के सफल संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना संबंधी दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने, आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में डेटा ऑपरेटरों को डेटा प्रविष्टि में शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य संपादित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जनगणना कार्यों के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान पर भी जोर दिया गया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी जनगणना की तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करते हुए शासन एवं जनगणना निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना संबंधी समस्त गतिविधियां सुचारु, पारदर्शी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न कराई जा सकें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं डेटा ऑपरेटर उपस्थित रहे।




