
3000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा किट वितरण अभियान शुरू*
हरिद्वार lपरिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना के अंतर्गत पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, मुण्डाखेड़ा कलां, लक्सर (हरिद्वार) में रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम के तहत तीन राजकीय विद्यालयों में STEM Robotics Lab का शुभारंभ एवं 3000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा किट वितरण अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत विकासखंड लक्सर के तीन विद्यालयों में अत्याधुनिक STEM Robotics Lab स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियंत्रिकी एवं गणित (STEM) की व्यवहारिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि रिलैक्सो द्वारा हरिद्वार जनपद के 100 से अधिक विद्यालयों में किए गए कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण कर परियोजना के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों की प्रशंसा की तथा उन्हें संतोषजनक एवं प्रेरणादायी बताया। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं को जाना तथा रिलैक्सो एवं ममता HIMC टीम के सहयोग से विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान एवं नवाचार आधारित मॉडल एवं प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए निर्धारित मेन्यू चार्ट के अनुसार बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि मिड-डे मील में हरी सब्जियों एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को नियमित रूप से शामिल किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण मिल सके।
जिलाधिकारी ने छात्राओं के शौचालयों की स्थिति की भी जानकारी लेते हुए उनकी नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखने तथा आवश्यकतानुसार सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में STEM Lab समय की आवश्यकता है। ऐसी प्रयोगशालाएँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार तथा व्यावहारिक ज्ञान का विकास करती हैं। उन्होंने भविष्य में अन्य विद्यालयों में भी इस प्रकार की प्रयोगशालाएँ स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार अमित कुमार चन्द ने कहा कि STEM Lab विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियंत्रिकी एवं गणित के मूलभूत सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने तीन विद्यालयों में STEM Lab की स्थापना के लिए रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड का आभार व्यक्त किया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी लक्सर विनोद कुमार ने बताया कि विकासखंड लक्सर के 77 विद्यालयों में कौशल उन्नयन के साथ-साथ भौतिक आधारभूत संरचना के विकास हेतु विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार के रूप में स्थापित STEM Robotics Lab विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा पंचायत स्तरीय केंद्र में संचालित हो रहे डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम का जायजा लिया तथा केंद्र में बच्चों के लिए जो भी पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है,उस पर निगरानी रखने अथवा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र ने पर्याप्त विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश तथा बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सन्तोष कुमार चमोला द्वारा किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा, विनोद कुमार, रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड के एचआर हेड नितिन शर्मा, सीएसआर प्रमुख गम्भीर अग्रवाल, ममता HIMC से डॉ. हिमांशु, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चन्द्र, ग्राम प्रधान मुण्डाखेड़ा कलां, एसएमसी की अध्यक्षा,रिलैक्सो एवं ममता HIMC के प्रतिनिधिगण,शिक्षकगण, जनप्रतिनिधिगण,अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।





