
हरिद्वार।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया है कि जनपद हरिद्वार की 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन नामावलियों के ड्राफ्ट रोल (आलेख्य प्रकाशन) का प्रकाशन किए जाने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं।
बैठक में अवगत कराया गया कि 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक ऐसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर संबंधित बीएलओ, तहसील कार्यालय, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO/AERO) के माध्यम से अथवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही यदि किसी मतदाता का नाम, पता अथवा अन्य विवरण त्रुटिपूर्ण है तो निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से मतदाता सूची का गहन परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार एवं आवश्यक दावे-आपत्तियां समयबद्ध रूप से प्रस्तुत कराने में सहयोग करें।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि ASD सूची उपलब्ध करा दी गई है, जिसका अवलोकन कर यदि किसी मतदाता का नाम त्रुटिवश शामिल किया गया हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। जनपद की सभी 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
जनपद हरिद्वार की 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 12,46,219 मतदाता हैं, जिनमें 6,64,795 पुरुष, 5,81,323 महिला एवं 101 अन्य मतदाता शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 से 11 सितम्बर 2026 तक ERO/AERO द्वारा आवश्यकतानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।
बैठक में अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी बालेश्वर सिंह,कैलाश चंद,जिलाध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी मदन पाल,जिला महामंत्री भाजपा किशन मोर्चा धर्मेंद्र सिंह,रवीश सैनी, सीपीआई (एम) राजीव गर्ग,अपर जिलाधिकारी/उप निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार,सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




