
हरिद्वार। छठ पर्व पर स्वामी रामदेव ने देशवासियों से अपनी जड़ों, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत से जुड़ने का आह्वान करते हुए सभी से ‘बैक टू बेसिक्स, बैक टू ऑवर रूट्स, बैक टू ऑवर कल्चर, बैक टू नेचर, बैक टू वेदाज और बैक टू आयुर्वेद’ का संदेश दिया। कहा कि योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन धर्म केवल धार्मिक अथवा सांस्कृतिक विषय नहीं हैं, बल्कि भारतीय जीवन पद्धति के आधार हैं। समाज को अपनी शिक्षा, चिकित्सा और जीवनशैली के मूल स्वरूप को समझते हुए प्रकृति और संस्कृति के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
छठ पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वामी रामदेव ने बच्चों और श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति भारतीय समाज की श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। पर्व में उपयोग होने वाली वस्तुएं भी प्रकृति के साथ मनुष्य के गहरे संबंध को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में छठ, होली, दीपावली, दशहरा और जन्माष्टमी जैसे पर्व सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता को मजबूत करते हैं।
स्वामी रामदेव ने कहा कि आज के समय में लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दोबारा जुड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार जड़ों से जुड़ा पेड़ ही मजबूती से खड़ा रह सकता है, उसी प्रकार अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक आधार से जुड़ा समाज भी सशक्त बनता है। उन्होंने इस संदर्भ में ‘बैक टू बेसिक्स, बैक टू ऑवर रूट्स, बैक टू ऑवर कल्चर, बैक टू नेचर, बैक टू वेदाज और बैक टू आयुर्वेद’ का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन धर्म के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ाना समय की आवश्यकता है। अपनी शिक्षा, चिकित्सा और जीवन पद्धति को भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप समझने और अपनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास होने चाहिए। योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं आत्मिक चेतना के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में गन्ने और मूली का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन्हें पारंपरिक खानपान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने लिवर संबंधी समस्याओं का जिक्र करते हुए गन्ने के सेवन की सलाह दी और कहा कि आजकल लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं। उन्होंने छठ पूजा में प्रयुक्त होने वाली प्राकृतिक सामग्रियों को प्रकृति उपासना की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति बताया।
स्वामी रामदेव ने अपने फेसबुक लाइव कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग तीन वर्ष पहले छठ पूजा के अवसर पर उन्होंने फेसबुक लाइव की शुरुआत की थी। शुरुआत में इससे लाखों लोग जुड़े और धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ा। आज बिलियन से अधिक लोग देख रहे हैं। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन सुबह फेसबुक लाइव से जुड़ने और योग, आयुर्वेद, स्वदेशी तथा भारतीय संस्कृति के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि, शांति और सफलता के लिए मनुष्य को अपने भीतर की क्षमताओं को पहचानना होगा। अंत में उन्होंने देशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सूर्य के समान तेजस्वी बनने और अपनी प्रकृति, संस्कृति, धर्म, अध्यात्म तथा पूर्वजों की महान विरासत से कभी विमुख नहीं होने का संदेश दिया।
फोटो कैप्शन:
-स्वामी रामदेव छठ पूजा पर प्रसाद वितरित करते।
-स्वामी रामदेव छठ पूजा का महत्व बताते हुए।





