Blogकुंभ मेला/2027प्रशासन

कुंभ मेला में चंडी चौक पर नंदी की प्रतिमा लगाने पर विचार: मेलाधिकारी

कुंभ मेला तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने किया शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण

 

 

 

 

हरिद्वार।कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने और निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कनखल, देवपुरा, ऋषिकुल और चंडी चौक सहित अनेक स्थानों पर चल रहे एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत शहर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और आकर्षक बनाने के लिए सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

मेलाधिकारी ने कनखल स्थित चौक बाजार का भ्रमण कर ऐतिहासिक झंडा चौक के सुधार एवं सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्तावित कार्यों के संबंध में अधिकारियों और स्थानीय लोगों से विचार विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना के कार्य अविलंब शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने झंडा चौक के ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए इसके समुचित सुधार के साथ ही क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एचआरडीए के अधिकारियों को कनखल क्षेत्र में सौंदर्यीकरण तथा भवनों के फसाड सुधार के कार्य भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। झंडा चौक क्षेत्र में रेलिंग एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं।

मेलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन मार्ग और शिव मूर्ति चौक का भी निरीक्षण का इस क्षेत्र के सुधार और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए अतिक्रमण पर रोकथाम के लिए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद मेलाधिकारी ने देवपुरा एवं ऋषिकुल क्षेत्र का निरीक्षण कर फुटपाथ और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में छोटी-छोटी पार्किंग विकसित किए जाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए, ताकि सड़क किनारे वाहनों के अनियोजित खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि फुटपाथों के निर्माण में पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार रेलिंग लगाने तथा उपयुक्त स्थानों पर यात्रियों के बैठने के लिए शेड विकसित करने के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी ने सड़कों के किनारे यूपीसीएल द्वारा विभिन्न स्थानों पर बेतरतीब ढंग से स्थापित संरचनाओं को सुव्यवस्थित करने तथा जहां संभव हो, उन्हें सड़क से पर्याप्त दूरी पर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात और पैदल आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

ऋषिकुल पुल के समीप गंगनहर पर निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने घाटों के आसपास तथा नहर पटरी मार्ग को स्वच्छ और अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक सौंदर्यीकरण कार्य कराने के साथ ही घाटों के आसपास बेहतर साफ-सफाई और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने को कहा।

भ्रमण के दौरान मेलाधिकारी ने चंडी चौक पहुंचकर चौराहे के सुधार एवं प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चंडी चौक कुंभ नगरी में प्रवेश का प्रमुख केंद्र है, इसलिए इसके सुधार और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि चंडी चौक के सुधार का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कराया जाएगा, जबकि एचआरडीए और नगर निगम द्वारा क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए चंडी चौक पर नंदी की आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने चंडी चौक पर दोनों पुलों के शुरुआती हिस्सों के मध्य उपलब्ध स्थान को नंदी प्रतिमा की स्थापना के लिए उपयुक्त बताते हुए नगर निगम एवं एचआरडीए के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चंडी चौक फ्लाईओवर पर वॉल पेंटिंग एवं फसाड कार्य कराने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा सके।

 

मेलाधिकारी ने ललताराव पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन पार्कों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

उन्होंने पुलिस विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार, एचआरडीए के सचिव श्री प्रत्यूष सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता श्री योगेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!