
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के के लिए गर्व का विषय है कि शहर के होनहार छात्र अवनीश शर्मा ने प्रतिष्ठित फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स एग्जामिनेशन (FMGE) सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर नगर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
अवनीश शर्मा के पिता गुणानंद शर्मा सिंचाई अनुसंधान संस्थान, रुड़की में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनका परिवार विभाग के सरकारी आवास में निवास करता है। अवनीश ने अपनी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा डी.पी.एस. रानीपुर, हरिद्वार से प्राप्त की। बचपन से ही वे पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और मेहनती रहे हैं। उन्होंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर कठिन परिश्रम किया और उसी का परिणाम है कि उन्होंने एफएमजीई जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
गौरतलब है कि फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स एग्जामिनेशन (FMGE) की परीक्षा 28 जून 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम हाल ही में घोषित किया गया। घोषित परिणाम में अवनीश शर्मा ने सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे रुड़की और जनपद हरिद्वार का गौरव बढ़ाया है।
अपनी इस उपलब्धि पर अवनीश शर्मा ने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन, शिक्षकों के स्नेह एवं प्रेरणा तथा अपने अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास ने उन्हें हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अवनीश की सफलता पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, शिक्षकों एवं शहर के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि अवनीश भविष्य में एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे तथा देश का नाम भी रोशन करेंगे।
जनपद के युवाओं के लिए अवनीश शर्मा की यह सफलता प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन और कठिन मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि ने युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है तथा यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।



