
देहरादून।
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने देहरादून जनपद की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने गुरूवार को औपचारिक रूप से कार्यकारिणी का गठन किया। इस मौके पर संगठन की मजबूती के साथ-साथ पत्रकार हितों से जुड़ी कई ज्वलंत मांगों पर भी गंभीर चर्चा हुई। बैठक में देहरादून जनपद से यूनियन में जुड़े पत्रकारों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अरूण शर्मा ने की। घोषित जिला कार्यकारिणी में वरिष्ठ पत्रकार राकेश बिजलवाण को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ ही अमित अमोली को महामंत्री और रमन जायसवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर अरुण शर्मा ने कहा कि राकेश बिजलवाण, अमित अमोली, रमन जायसवाल जैसे अनुभवी और ज़मीनी पत्रकार की अगुवाई में यूनियन की आवाज और अधिक बुलंद होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि नवनियुक्त टीम पत्रकारों की न केवल समस्याओं को समझेगी, बल्कि उनके समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाएगी।
*नई ऊर्जा से सजेगी टीम*
संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यकारिणी में अनुभव और युवा सोच का संतुलन रखा गया है। वरिष्ठ पत्रकार गणेश काला को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गणेश काला लंबे समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और माइंड वेलनेस कोच व लाइफ काउंसलर के रूप में भी ख्याति है। उनके साथ मुकेश कुकरेती को भी वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे संगठन को मजबूती मिलेगी। सतीश कोठारी को संयुक्त मंत्री, और अवधेश नौटियाल को कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अरुण पांडेय, प्रवेश थपलियाल और अजमेर सिंह को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
*पेंशन और मान्यता प्रणाली को सरल करने की मांग*
बैठक के दौरान यूनियन ने पत्रकारों के सामने मौजूद जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नवनियुक्त महामंत्री अमित अमोली ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ ही सभी सक्रिय पत्रकारों के लिए पेंशन व्यवस्था को लागू करने और मान्यता प्रणाली को और सरल एवं पारदर्शी बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जिन पत्रकारों ने जीवन भर समाज के लिए काम किया, उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
*पत्रकारों को ईएसआई से जोड़ने की पुरज़ोर वकालत*
जिला अध्यक्ष राकेश बिजलवाण ने कहा कि आज पत्रकार कई मानसिक और शारीरिक चुनौतियों के बीच कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें ईएसआई (कर्मचारी राज्य बीमा) जैसी सुविधाओं से जोड़ा जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार किसी भी लोकतंत्र के प्रहरी होते हैं और उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
*एकजुटता से ही होगा समाधान*
कोषाध्यक्ष रमन जायसवाल ने बैठक में कहा कि जब तक पत्रकार अपने अधिकारों और हितों के लिए एकजुट नहीं होंगे, तब तक व्यवस्थाएं नहीं बदलेंगी। इसलिए यूनियन का अगला लक्ष्य जिले से लेकर प्रदेश तक संगठन को सक्रिय और जिम्मेदार बनाना है।
*मुख्यमंत्री और महानिदेशक से होगी मुलाकात, शपथ ग्रहण जल्द*
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि यूनियन की टीम आगामी दिनों में महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर इन सभी मांगों पर चर्चा करेगी। इसके अलावा, यूनियन माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात कर पत्रकारों के लिए ठोस नीतिगत बदलाव की मांग रखेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि देहरादून जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शीघ्र आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पत्रकार, अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
*पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने का संकल्प*
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि यूनियन राज्यभर में सक्रिय पत्रकारों को एक मंच पर लाकर पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रशिक्षण, संवाद और सहयोग की दिशा में निरंतर कार्य करेगी।यूनियन यह भी सुनिश्चित करेगी कि फील्ड में कार्यरत पत्रकारों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर आवश्यक सहयोग मिले।
*संगठन में नई चेतना का संचार*
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए गणेश काला ने बैठक में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का काम नहीं है, यह समाज को दिशा देने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि आज पत्रकार कई मोर्चों पर अकेला महसूस करता है, न नीति सुरक्षा है, न मानसिक सहयोग। ऐसे में यूनियन की जिम्मेदारी है कि वह पत्रकारों को एकजुट करते हुए उन्हें मानसिक और संगठनात्मक मजबूती दे। गणेश काला, जो कि हिमालयन गणेशा संस्था के फाउंडर हैं, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में पत्रकारों के लिए वेलनेस और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।



