कोरोना को लेकर जिलों में एलर्ट जारी किया
चारधाम यात्रा में तमिलनाडु, महाराष्ट्र एवं केरल यात्रियों से संक्रमण का खतरा

देहरादून 23मई। उत्तराखंड में इस समय पयर्टन सीज़न पीक पर है साथ ही चारधाम यात्रा में भी देश भर से श्रद्धालू देवभूमि में दर्शन को आ रहे हैं। इस बीच देश के कुछ राज्यों में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या में हो रही वृद्धि ने प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ा दी है। विशेष रूप से महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में बीते एक सप्ताह से कोविड मामलों में निरंतर बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम ने राज्य सरकारों को कोविड की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने और निगरानी प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
संक्रमित मरीजों की संख्या, अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की जानकारी नियमित रूप से IDSP पोर्टल पर अपडेट की जाए।सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनने, हाथ धोने और सामाजिक दूरी जैसे नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए।स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे लापरवाही न करें और कोविड से बचाव के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेषकर जिन लोगों को बुखार, खांसी, गले में खराश जैसी लक्षण महसूस हों वे तुरंत जांच कराएं और सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोविड से निपटने की व्यवस्था पूरी तरह से तैयार है, लेकिन संक्रमण की रोकथाम में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे। (साभार)



