देहरादून, 17 अप्रैल। प्रदेश की धामी सरकार ने पुलिस कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। उनके पौष्टिक आहार, धुलाई और हाई एल्टीट्यूड भत्ते में इजाफा कर दिया है। बुधवार को गृह विभाग के अपर सचिव अपूर्वा पांडेय ने यह आदेश जारी किए हैं। गत दिनों मुख्यमंत्री द्वारा एक समारोह में पुलिस कर्मियों के विभिन्न भत्ते बढ़ाने के लिए घोषणा की थी जिसको पूर्ण करते हुए बुधवार को गृह विभाग की अपर सचिव अपूर्वा पांडेय ने यह औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इस आदेशानुसार अब सहायक उप निरीक्षकों को अब 1475 रुपये प्रति माह के बजाय 1575 रुपये पौष्टिक आहार भत्ता मिलेगा जबकि हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों को 1700 के बजाय 1800 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 1550को बढ़ाकर 1650 रुपये भत्ता प्रतिमाह मिलेगा। इसी प्रकार पुलिस विभाग के राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धुलाई भत्ता प्रतिमाह 200 रुपये के बजाय 300 रुपये मिलेगा। इसके अलावा हाई एल्टीट्यूड भत्ते में भी इजाफा कर दिया गया है। इस आदेश से पहले 9000 फीट से अधिक ऊंचाई में तैनात पुलिस कर्मियों और एसडीआरएफ की जवानों को प्रतिदिन के हिसाब से 200 रुपये अतिरिक्त भत्ता मिलता था, अब यह 300 रुपये कर दिया गया है। सरकार ने पुलिस कर्मियों को बड़ी सौगाद दी है। गृह विभाग ने भी आदेश जारी कर दिए हैं । (साभार)



