
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश से लोगों को अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सुबह से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर “ऑरेंज अलर्ट” जारी किया गया है।
उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ हिस्सों में भी येलो अलर्ट लागू किया गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में तेज बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन की घटनाएँ सामने आ सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी है, एवं यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने और पहाड़ी रास्तों पर अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील की गई है।



